मोतिहारी में हरैया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जाली नोट के रैकेट का भंडाफोड़; 25 लाख की नकली करेंसी और कार जब्त, 10 गिरफ्तार

 
Motihari News: मोतिहारी जिले में हरैया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने जाली नोट बनाने और बाजार में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 25 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और नकली करेंसी तैयार कर उसे अलग-अलग जगहों पर खपाने का काम कर रहा था। हरैया थाना पुलिस को इस रैकेट की जानकारी गुप्त सूचना के जरिए मिली थी, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जाली नोट मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके से पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोट कहां तैयार किए जाते थे और किन-किन इलाकों में इन्हें सप्लाई किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही इस जाली नोट रैकेट से जुड़े और भी अहम खुलासे किए जा सकते हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जब्त किए गए नकली नोटों की गिनती व जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

रिपोटर: प्रशांत कुमार, मोतिहारी