बांका में UP Vigilance का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में एक साथ कई ठिकानों पर रेड
Banka news: बांका जिले में आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश विजिलेंस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। विजिलेंस टीम ने बांका टाउन और शंभूगंज थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई शंभूगंज प्रखंड के गुलनी कुशहा ग्राम पंचायत निवासी गगन सिंह के खिलाफ की जा रही है। गगन सिंह पहले उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में स्थित स्टेट फूड कॉरपोरेशन (SFC) गोदाम में सहायक पद पर कार्यरत रह चुका है। उसी दौरान उस पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस टीम ने गगन सिंह के पैतृक गांव गुलनी कुशहा के अलावा बांका, भागलपुर और देवघर में मौजूद उसके आवासों पर भी एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े कागजात, बैंक खातों की जानकारी, निवेश संबंधी दस्तावेज और अन्य अहम फाइलों की बारीकी से जांच की गई।
बताया जा रहा है कि गगन सिंह के खिलाफ विजिलेंस विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। गोपनीय जांच के बाद टीम ने यह कार्रवाई की है। खास बात यह है कि करीब दो साल पहले भी उसके ठिकानों पर यूपी विजिलेंस छापेमारी कर चुकी है।
गुरुवार सुबह विजिलेंस टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। विजिलेंस टीम द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिपोटर: बांका, दीपक कुमार