बिहार के आरा से ISI मॉड्यूल का बड़ा भंडाफोड़, ग्रेनेड एक्सपर्ट युवक गिरफ्तार- पंजाब पुलिस ने खोला आतंक नेटवर्क का काला सच
Bihar news: बिहार के भोजपुर जिले के आरा से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ है। पंजाब पुलिस की विशेष टीम ने 20 नवंबर की सुबह बिहिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया युवक हैंड ग्रेनेड फेंकने में एक्सपर्ट था और उसे विदेशी हैंडलर्स द्वारा राजस्थान, पंजाब और बिहार जैसे राज्यों में “मिशन” सौंपे गए थे। अभी तक इस मॉड्यूल से जुड़े 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पंजाब पुलिस का दावा– ग्रेनेड अटैक के लिए तैयार था युवक
लुधियाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक को सरकारी भवनों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ग्रेनेड हमला करने की ट्रेनिंग दी गई थी।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में था।
परिवार और गांव में सनसनी
गांव के लोगों और रिश्तेदारों के अनुसार, युवक बचपन से ही सनकी स्वभाव का था।
• पिता एथलीट थे, दोनों माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है
• बहन इसी साल इंटर की जिला टॉपर बनी थी
• रिश्तेदारों के मुताबिक युवक गलत संगत में पड़कर अपराध की राह पर चल पड़ा
उसके बड़े पापा अवधेश ओझा का कहना है कि लगातार विवाद, जमीन–ज्वेलरी की मांग और गलत गतिविधियों के कारण परिवार ने कोर्ट में आवेदन देकर उससे रिश्ता तक तोड़ लिया था।
अपराध की दुनिया में कदम
रिश्तेदारों के अनुसार:
• गांव में मारपीट के बाद वह दिल्ली भाग गया
• वहां अपराधियों के संपर्क में आया और हथियार सप्लाई करने लगा
• हथियार के साथ तस्वीर वायरल हुई, दिल्ली साइबर सेल ने पकड़ा
• तिहाड़ के बाल सुधार गृह भेजा गया, फिर आरा बाल सुधार गृह लाया गया
• वहां से फरार भी हुआ
• दोबारा पकड़ा गया और बाद में छुड़ाया गया
• बाहर आने के बाद फिर से दिल्ली के हथियार गिरोह से जुड़ गया
अब पंजाब पुलिस ने उसे ISI मॉड्यूल से सीधा लिंक होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। परिवार ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि अगर वह फिर बाहर आया तो हमारी भी सुरक्षा खतरे में पड़ेगी।
जांच में और खुलासों की उम्मीद
आरा से पकड़ा गया यह संदिग्ध युवक ISI के बड़े नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा था या किसी लोकल मॉड्यूल का सदस्य—यह जांच का विषय है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से कई राज्यों में फैले बड़े नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारी सामने आ सकती है। इस मामले में जांच जारी है और अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।
रिपोर्टर: आकाश कुमार, आरा बिहार