गया में बड़ा सड़क हादसा: बाइक सवार को बचाने में पलटी बस, एक यात्री की मौत, कई घायल
Feb 17, 2026, 18:43 IST
Gaya News: गया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। गया–पंचानपुर सड़क मार्ग पर चंदौती थाना क्षेत्र के जामुने के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब बस चालक ने सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के लिए तेज कट मार दिया। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में एक यात्री की हालत बेहद गंभीर थी, जिसकी अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। करीब आधा दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को इलाज के लिए तुरंत अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बस चालक और वाहन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, ताकि हादसे की सटीक वजह सामने आ सके।