पटना में NH-30 के पास भीषण आग, सोलर पैनल और बैटरियों से भरा वेयरहाउस जलकर राख

 

Patna: राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़े वेयरहाउस में आग लगने से हड़कंप मच गया। यह वेयरहाउस नेशनल हाईवे-30 के पास स्थित है और हर्ष पावर कंपनी का बताया जा रहा है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वेयरहाउस के प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि गोदाम में सोलर पैनल, इनवर्टर और बैटरियों का बड़ा स्टॉक मौजूद था, जो आग में जलकर खाक हो गया।

फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है, वहीं पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा बना दिया है।