पुरी में बदमाशों नाबालिग लड़की को जिंदा जलाया, जांच में जुटी पुलिस
ओडिशा के बालासोर में छात्रा आत्मदाह की घटना के कुछ ही दिनों बाद, अब पुरी जिले में एक और खौफनाक मामला सामने आया है। शनिवार को तीन अज्ञात युवकों ने एक नाबालिग लड़की पर तेजाबनुमा पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। फिलहाल लड़की का इलाज एम्स भुवनेश्वर में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह दर्दनाक घटना नीमापारा के बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने एक दोस्त के घर जा रही थी, तभी रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, हमलावरों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। बलंगा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
लड़की की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह आग बुझाकर उसे तत्काल पिपिली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर रेफर किया गया। उसके हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री ने की तीखी प्रतिक्रिया
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा, "यह घटना बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली है। 15 वर्षीय लड़की को इस तरह सरेआम आग लगा देना मानवता पर कलंक है।" उन्होंने पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि लड़की के इलाज की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी। एम्स प्रशासन को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।