दरभंगा में दिनदहाड़े मर्डर: चेन स्नैचरों का विरोध करना पड़ा भारी, चाय दुकानदार को सीने में मारी गोली

 
Darbhanga News: दरभंगा में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार सुबह चेन छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने एक चाय दुकानदार को गोली मार दी। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।

मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय परिसर में चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि सुबह के समय वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार बदमाश इलाके में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे रहे थे।

चेन छीनने का विरोध, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अमित कुमार ने बताया कि वह दूध लेने घर से निकले थे। इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधियों ने पीछे से उनकी चेन झपटने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। अमित किसी तरह बच निकले, लेकिन अपराधी आगे बढ़े और श्रवण कुमार को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में श्रवण कुमार को इलाज के लिए DMCH पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV में कैद हुए बदमाश

वारदात के बाद बाइक सवार अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आसपास लगे CCTV कैमरों में बदमाश भागते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

सड़क जाम, लोगों में भारी गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।