Nalanda Breaking News:
ओवरब्रिज पर बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त- एक की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल; चालक की लापरवाही पर उठे सवाल
Nalanda News: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर पुल के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी बस ओवरब्रिज पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही एक बाराती (सिधेश्वर प्रसाद) की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल विम्स पावापुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
ड्राइवर मोबाइल पर बात कर रहा था, नियंत्रण खोते ही बस डिवाइडर से भिड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बस सोहसराय मंदिर से शादी समारोह समाप्त कर नवादा जिले के वारसलीगंज लौट रही थी। बस में करीब 50 लोग सवार थे।
ग्रामीणों ने बताया कि ओवरब्रिज पार करते समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बस सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के ऊपर बैठे एक व्यक्ति की ओवरब्रिज से नीचे गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर चीख-पुकार, पुलिस और एंबुलेंस की देरी पर नाराजगी
टक्कर के बाद बस के अंदर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग राहत बचाव में जुट गए, लेकिन ग्रामीणों ने एंबुलेंस की देर से पहुंचने पर कड़ा आक्रोश जताया।
सूचना मिलने पर दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि कुमार मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को अस्पताल भेजने में सहयोग किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल, ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला चालक की लापरवाही से हुआ सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस बस चालक और वाहन के तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रिपोर्टर: मो. महमूद आलम, नालंदा