मोतिहारी में NCB का बड़ा एक्शन, तेल के ड्रम से साढ़े 3 करोड़ कैश और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के हिंद्री बाजार निवासी और किराना व्यवसायी पप्पू जायसवाल के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, NCB की टीम पिछले कई दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान दुकान में रखे तेल के ड्रम से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। कैश को बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। ड्रम के ऊपर तेल के पाउच रख दिए गए थे ताकि किसी को शक न हो सके।
इसके बाद NCB की टीम ने आरोपी के गोदाम में भी छापा मारा, जहां से कई बोरा संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किए गए। जांच एजेंसी को आरोपी के घर से भी कुछ नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ा हुआ था। फिलहाल NCB पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हालांकि एजेंसी की ओर से अभी बरामद ड्रग्स की मात्रा और कैश को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।