नीट छात्रा मौत मामला: हॉस्टल मालिक को बड़ा झटका, कोर्ट ने जमानत से किया इनकार
कोर्ट ने साफ कहा कि मामला बहुत गंभीर है और इस समय आरोपी को जमानत देना ठीक नहीं होगा। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लंबी बहस हुई। आरोपी के वकील ने जमानत की मांग की, लेकिन सरकारी वकील और छात्रा के परिवार की ओर से इसका कड़ा विरोध किया गया। बहस सुनने के बाद अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया।
मृत छात्रा पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी और शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। कुछ दिन पहले उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। इस घटना से न केवल छात्रों में बल्कि पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ गलत व्यवहार हुआ और उसकी मौत सामान्य नहीं है। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही और गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच हो।
शुरुआत में पुलिस इस मामले को नींद की गोली के ज्यादा सेवन और आत्महत्या से जोड़ती रही, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जबरन संघर्ष और यौन हिंसा के संकेत मिलने की बात सामने आई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
कब सामने आया मामला
यह मामला 6 जनवरी को सामने आया था। छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद पहले उसका इलाज पटना में कराया गया, फिर परिजन उसे मेदांता अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान भी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने चित्रगुप्त नगर थाना में मामला दर्ज कराया और आरोप लगाया कि समय पर सही इलाज और कार्रवाई होती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
अब तक जांच में क्या हुआ
इस मामले की जांच अब एसआईटी कर रही है। एसआईटी ने अपनी अब तक की रिपोर्ट बिहार के डीजीपी को सौंप दी है। जांच में कई लोगों से पूछताछ की गई है और अस्पताल, हॉस्टल और अन्य जगहों से जुड़े दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए गए हैं।
पटना से लेकर जहानाबाद तक करीब 60 से ज्यादा जगहों के कैमरों की जांच की जा चुकी है। मोबाइल कॉल डिटेल और डिलीट मैसेज भी खंगाले गए हैं।
बढ़ीं आरोपी की मुश्किलें
कोर्ट द्वारा जमानत खारिज किए जाने के बाद हॉस्टल मालिक की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि पूरे राज्य की नजर इस मामले पर टिकी है और लोग छात्रा को न्याय मिलने का इंतजार कर रहे हैं।