रमै गांव में रात का कहर: चोरी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, एक बदमाश ढेर, बच्चा घायल

 
Bihar Crime News: अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रमै गांव में शनिवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। घर में घुसे बदमाशों ने फायरिंग की, ग्रामीणों से भिड़े और भागने के दौरान एक बदमाश की जान चली गई, जबकि एक बच्चा घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक मकान निर्माण ठेकेदार मोहम्मद इकबाल के घर पांच अपराधी चोरी की नीयत से किवाड़ तोड़कर घुस गए। अपराधियों ने गृहस्वामी को हथियार दिखाकर बंधक बना लिया। जब लोगों को भनक लगी और गांव वाले इकट्ठा होने लगे, तो बदमाशों ने जान बचाने के लिए 5 से 6 राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान एक अपराधी को लोगों ने पकड़ लिया, जिसे भीड़ ने पीट दिया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं भागते समय एक बदमाश नदी में गिर गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना में 12 वर्षीय मोहम्मद अलिफ उर्फ गुल्लू घायल हो गया है। उसे गोली लगी है या किसी और वजह से चोट आई है, इसकी जांच की जा रही है। घायल बच्चे का इलाज चल रहा है।

पंचायत मुखिया लियाकत अली ने बताया कि अपराधी हथियार के साथ आए थे और लगातार फायरिंग कर रहे थे। गृहस्वामी और उनकी पत्नी ने बताया कि बदमाश करीब 10 से 15 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात लूटकर भागे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में कैंप कर रहे हैं। बाद में अररिया के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार एक आरोपी पकड़ा गया है, एक बच्चा घायल है और नदी से एक शव बरामद हुआ है। बाकी फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है। गांव में फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।