जमुई के जखड़ा में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक मोड़: फायरिंग में 3 युवक और एक नाबालिग घायल
नमाज़ के बाद बढ़ा विवाद, चली गोली
घायलों की पहचान नोमान खान, दाबर खान, अरमान खान और 17 वर्षीय अरबाज खान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सितंबर 2025 में एहसान खान और नाटो खान के बीच हुई मारपीट की पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाई गई।
गोली लगने से नोमान के कंधे, दाबर के सीने और अरबाज के कंधे में गंभीर जख्म हुआ, जबकि अरमान को छूती हुई गोली निकल गई।
अस्पताल में भर्ती, हालत पर नजर
घायलों को पहले सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम सभी का इलाज कर रही है।
गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एहतियातन जखड़ा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव बना हुआ है।
रिपोटर: धनंजय कुमार, जमुई