शादी में हथियारों का खुला प्रदर्शन! ताबड़तोड़ फायरिंग का वीडियो वायरल, नवगछिया पुलिस ने दर्ज किया केस
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव में आयोजित एक शादी समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक हथियारों का प्रदर्शन करते हुए फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में बहुचर्चित विनोद यादव हत्याकांड के नामजद आरोपी अजीत कुमार और उसके कुछ सहयोगी भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि शादी समारोह में जिस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया, वह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।
नवगछिया पुलिस जिला की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 22 मई को सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल इसकी जांच कराई गई। सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो विंटर सीजन में आयोजित एक शादी समारोह का है।
जांच के बाद गोपालपुर थाना में कांड संख्या-173/26 दर्ज कर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध हथियार रखना, उसका प्रदर्शन करना और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल यह वायरल वीडियो पूरे नवगछिया क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।