Patna City: होली से पहले पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिस्किट की आड़ में लाई जा रही 9200 लीटर विदेशी शराब जब्त
पुलिस ने बिस्किट की बिल्टी बताकर भेजी गई विदेशी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है। जब्त की गई शराब की मात्रा करीब 9200 लीटर बताई जा रही है, जिसकी बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक यह शराब पंजाब के भटिंडा से पटना भेजी जा रही थी, ताकि सामान की आड़ में किसी को शक न हो।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और ट्रक को पकड़ लिया। मौके पर पटना सिटी के एएसपी राज किशोर सिंह खुद पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि होली को देखते हुए शराब तस्कर सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि इस बड़ी खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और साफ संकेत दिया गया है कि त्योहारों के दौरान भी कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोटर: मुकेश कुमार, पटना सिटी