पटना में बालू माफियाओं का आतंक: छापेमारी करने गई टीम पर आधी रात हमला, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त- तीन लोग घायल

 

Patna: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के केलहनपुर गांव में अवैध बालू खनन की शिकायत पर पहुंची जिला खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर बालू माफियाओं ने बीती रात धावा बोल दिया। आधी रात करीब 2:45 बजे हुए इस हमले में दो होमगार्ड जवान और खनन विभाग का एक पदाधिकारी घायल हो गया, जबकि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी गई।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

खनन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और भंडारण चल रहा है। इसके बाद खनन विभाग की टीम पटना पुलिस के साथ छापेमारी के लिए पहुंची। मौके से कुछ बालू लदे वाहन पकड़े भी गए, लेकिन तभी माफियाओं ने वाहन छुड़ाने की कोशिश में विवाद खड़ा कर दिया।

अचानक शुरू हुई पत्थरबाजी

आरोप है कि बालू माफियाओं ने अचानक पुलिस और अधिकारियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और माफियाओं ने पुलिस वाहन पर हमला कर उसे तोड़फोड़ कर डाला।

DSP ने दी जानकारी

दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमरेन्द्र कुमार झा ने बताया –
“खनन इंस्पेक्टर से रात में सूचना मिली थी कि केलहनपुर गांव में अवैध खनन और परिवहन हो रहा है। टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, तभी असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। दो होमगार्ड जवान घायल हुए और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। खनन पदाधिकारी के लिखित बयान पर FIR दर्ज कर ली गई है।”

कई थानों की पुलिस तैनात

हमले के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। वहीं, फरार माफियाओं की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

रंजीत कुमार की रिपोर्ट, दानापुर से