पटना शम्भू गर्ल्स हॉस्टल मामला: लोजपा नेता पंकज सिंह ने की कड़ी निंदा, 11 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उठाए सवाल
Sambhu Girls Hostel Case: पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की बेटी और नीट (NEET) छात्रा गायत्री के साथ हुई कथित अमानवीय घटना और उसकी मौत को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव पंकज सिंह ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह राज्य की कानून-व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
पंकज सिंह ने कहा कि राजधानी पटना के एक हॉस्टल में ऐसी घटना होना सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की विफलता को दिखाता है। उन्होंने चिंता जताई कि इस जघन्य घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक दोषियों की गिरफ्तारी न होना और ठोस कार्रवाई न किया जाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (DGP) से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।
तीन बड़ी मांगें रखीं
लोजपा (रामविलास) नेता ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं-
1. पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
2. घटना में शामिल सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
3. मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि आगे कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।
गर्ल्स हॉस्टलों के लिए सख्त नियम बनाने की मांग
पंकज सिंह ने केवल न्याय की मांग ही नहीं की, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी गर्ल्स हॉस्टलों के लिए सख्त सुरक्षा नियम बनाए जाएं। इसमें महिला वार्डन की अनिवार्य नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे और नियमित प्रशासनिक जांच जैसे प्रावधान शामिल हों।
उन्होंने कहा कि बेटियां तभी आगे बढ़ सकेंगी, जब उन्हें पढ़ाई और रहने के लिए सुरक्षित माहौल मिलेगा। सरकार को इस दिशा में तुरंत गंभीर कदम उठाने चाहिए।