बाढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन: ट्रक से 40 कार्टन विदेशी शराब जब्त, होली से पहले तस्करों पर कसा शिकंजा

 
Bihar news: होली से पहले अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए बाढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की एक खेप पकड़ ली है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 40 कार्टन टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद की है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक शहर के अलग-अलग इलाकों में सामान उतारने की आड़ में शराब पहुंचा रहा है। सूचना मिलते ही शहरी मोड़ के पास सघन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, तो अंदर छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप मिली।

थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि होली को देखते हुए शराब तस्कर सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब्त शराब कहां से लाई गई और किसे सप्लाई होनी थी, इसकी जानकारी के लिए चालक से पूछताछ जारी है।

पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है और तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोटर: कृषदेव