पश्चिम चंपारण में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा वार, ट्रैक्टर-ट्रॉली से 480 लीटर विदेशी शराब बरामद

 

Bettiah news: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत शिकारपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मल्दी गांव के सरेह से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 480 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मल्दी गांव के समीप शराब तस्करों द्वारा बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सरेह में लावारिस हालत में खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रॉली में खर-पतवार के नीचे छिपाकर रखे गए 55 कार्टन विदेशी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 480 लीटर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के चलते तस्करों की यह चाल नाकाम हो गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।