‘लूट का विरोध पड़ा जानलेवा!’: कटिहार के गौरीपुर बांध पर युवक को मारी गोली, हालत नाजुक
घात लगाकर बैठे थे बदमाश
घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय राजेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद थाना क्षेत्र के सूरापुर गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह अपनी नानी के घर गौरीपुर आया हुआ था और शाम को एक ठेकेदार से पैसे लेकर लौट रहा था।
इसी दौरान पहले से घात लगाए दो अपराधियों ने बांध के रास्ते उसे रोक लिया और हथियार के बल पर पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की।
विरोध किया तो चला दी गोली
जब राजेश ने बदमाशों का विरोध किया और वहां से निकलने की कोशिश की, तो एक अपराधी ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं जांघ में जा लगी और शरीर के अंदर फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल हालत में दिखाई हिम्मत
गोली लगने के बावजूद राजेश ने हिम्मत नहीं हारी। वह किसी तरह बाइक स्टार्ट कर घटनास्थल से भाग निकला और सीधे अपने नाना के घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल राजेश का इलाज सदर अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, रोशना थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लूटपाट की बढ़ती घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।