Purnia crime news: पूर्णिया में इंटर परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को गोली मारी, हालत गंभीर
गोली लगने से घायल छात्र को आनन-फानन में इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल छात्र की पहचान दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है, जो मनोज कुमार सिंह का पुत्र है। बताया जा रहा है कि दिव्यांशु मूल रूप से भवानीपुर थाना क्षेत्र, पूर्णिया का रहने वाला है।
घटना की सूचना मिलते ही के नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी के पीछे कारण क्या था और इसमें कौन लोग शामिल हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोटर: रोहित कुमार, पूर्णिया