पटना में बारिश बनी आफत: मीठापुर फ्लाईओवर के नीचे सड़क धंसी, पिकअप समेत कई वाहन समाए

 

Patna Desk: राजधानी पटना में शनिवार को बारिश ने फिर एक बार नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। मीठापुर फ्लाईओवर के नीचे सड़क अचानक करीब दस फीट धंस गई, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। हादसे में एक पिकअप वैन समेत कई दोपहिया वाहन गड्ढे में जा गिरे। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब दस बजे के आसपास सड़क पर अचानक कंपन महसूस हुआ और देखते ही देखते बीच सड़क एक बड़ा गड्ढा बन गया। सबसे पहले एक पिकअप वाहन उसमें फंस गया, जिसके बाद पीछे आ रहे बाइक सवार भी उसमें जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम को सूचना दी, जिसके बाद जेसीबी मशीन से रेस्क्यू शुरू हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई थी, जिससे खाली स्थान बन गया और सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे के बाद इलाके में ट्रैफिक ठप हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को डायवर्ट किया और फ्लाईओवर के नीचे की सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया।

नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें जांच में जुट गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह धंसाव ‘साइलेंट सॉइल इरोजन’ का नतीजा है- यानी ज़मीन के अंदर से मिट्टी का धीरे-धीरे बह जाना।

स्थानीय लोगों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि नगर निगम सिर्फ कागज़ों पर मरम्मत दिखाता है, जबकि ज़मीन पर गुणवत्ता बेहद खराब है। लोगों ने मांग की है कि इस क्षेत्र की तकनीकी जांच की जाए और ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।