गया में चुनाव से पहले सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, 10 किलो का प्रेशर आईईडी बम बरामद, नक्सलियों के मंसूबों पर फिरा पानी
Gaya: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गया जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया करीब 10 किलोग्राम का प्रेशर मेकैनिज्म आईईडी बम सुरक्षा बलों ने बरामद कर सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया है। समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी विध्वंसक घटना टल गई और नक्सलियों की साजिश नाकाम हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, गया के लुटुआ थाना क्षेत्र के असुराइन डैम के पास विस्फोटक छुपाकर रखा गया था। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा बलों की सक्रियता के बीच जब इसकी सूचना मिली, तो एसएसपी आनंद कुमार के निर्देश पर तुरंत विशेष टीम गठित की गई।
इस टीम में सीआरपीएफ, एसटीएफ और लुटुआ थाना पुलिस के जवान शामिल थे। टीम ने इमामगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान असुराइन डैम के पास प्रेशर मेकैनिज्म आईईडी (बम) बरामद किया गया। बाद में सीआरपीएफ की 215 डी बटालियन के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही बम को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि चुनाव से पहले नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते मिली जानकारी और संयुक्त कार्रवाई से उनकी योजना नाकाम रही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लुटुआ थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है।
गया जिले के संवेदनशील इलाकों में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।