पति-पत्नी के झगड़े में चली गोलियां: विवाद सुलझाने पहुँचे साले को जीजा ने मारी गोली,  हालत गंभीर

 

Vaishali News: वैशाली जिले में पति–पत्नी के घरेलू विवाद ने गंभीर रूप धारण कर लिया, जब बातचीत के दौरान हुई फायरिंग में पत्नी के फुफेरे भाई को गोली लग गई। घटना सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के भगवतीपुर की है, जहां विवाद शांत कराने पहुँचा युवक अचानक हुए हमले में बुरी तरह घायल हो गया।

विवाद सुलझाने पहुँचे फुफेरे भाई को लगी गोली

घायल युवक की पहचान अनिक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अनिक अपनी फुफेरी बहन के घर दंपति के बीच चल रहे विवाद को समझाने गया था। उसी दौरान उसके बहनोई नीरज ने घर से हथियार निकालकर कथित रूप से दो राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से एक गोली अनिक के शरीर में जा लगी।

गोली लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल को तुरंत सहदेई बुजुर्ग पीएचसी ले गए, जहाँ से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

दहेज में मिली बाइक को लेकर चल रहा था विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पति–पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से दहेज में मिली बाइक को लेकर तनाव चल रहा था। इसी तनाव की शिकायत पर ही परिवार के सदस्य विवाद शांत कराने पहुँचे थे, लेकिन अचानक नीरज द्वारा की गई कथित फायरिंग ने मामले को हिंसक मोड़ दे दिया।

पुलिस ने आरोपी जीजा नीरज को लिया हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज समेत उसके परिवार के तीन सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार, वैशाली