ऋषिकुंड मलमास मेले में उत्तरप्रदेश की छह संदिग्ध महिलाएं हिरासत में, पुलिस छानबीन में जुटी
हवेली खड़गपुर। बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल ऋषिकुंड में मलमास मेले में एक ओर जहां भक्तों की काफी भीड़ जमा हो रही है वहीं दूसरी तरफ जेब कतरे भी सक्रिय हो गए हैं। विशेष रूप में पूजा करने के दौरान पिछले वर्ष की तरह इस बार भी महिला उचक्कों का गिरोह महिलाओं के गले से चेन उड़ा रही है या चुपके से सामान गायब कर रही है। मलमास मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में ऐसी महिला उचक्का गिरोह अब काफी सक्रिय है। बीते रविवार को ऋषिकुंड में आयोजित मलमास मेले के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर शामपुर थाना पुलिस ने छह महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
जानकारी के अनुसार मेला समिति के सदस्यों ने कुछ महिलाओं की गतिविधियों पर संदेह जताते हुए उन्हें रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शामपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा सभी महिलाओं को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मेला समिति की ओर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध महिलाएं मेले में घूम रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक पूछताछ में चार महिलाएं स्वयं को उत्तरप्रदेश के गोरखपुर तथा दो महिलाएं वाराणसी (बनारस) की निवासी बता रही हैं। हालांकि पूछताछ के दौरान महिलाएं अपने नाम और पते के संबंध में स्पष्ट एवं एक जैसी जानकारी नहीं दे पा रही हैं, जिससे संदेह की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस ने सभी महिलाओं के परिजनों को भी सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद ही उनकी पहचान और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक किसी प्रकार की चोरी या चैन स्नैचिंग की घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। मेले में सुरक्षा-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस इन महिलाओं को पकड़ कर पूछताछ कर रही है।