बेल्ट-जूतों की माला पहनाकर छात्र की पिटाई! बेतिया में वायरल वीडियो ने उड़ाए होश, जानिए पूरी खबर…
जानकारी के मुताबिक, सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाला वर्ग आठ का छात्र हिमांशु कुमार स्कूल से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि छात्र के साथ मारपीट की गई और उसे अपमानित किया गया।
बताया जा रहा है कि छात्र मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड संख्या-2 में अपने नाना महेश साह के यहां रहकर पढ़ाई करता था। घटना के पीछे मोबाइल और फोटो से जुड़े किसी विवाद की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को हुई जानकारी
परिजनों के अनुसार घटना के बाद छात्र डर और शर्म की वजह से काफी देर तक चुप रहा। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर अमर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।