नालंदा में छात्रा का शव झाड़ी में मिला, मैट्रिक में दो बार असफल होने पर उठाया खौफ़नाक कदम? पुलिस हत्या या आत्महत्या में उलझी
Nalanda Crime News: नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिवाना नदी किनारे झाड़ी में एक युवती का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान सिंदुवारा गांव निवासी सुरेश पासवान की 18 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है।
घर में फंदे से लटकी मिली थी, परिवार ने छुपाया मामला
मृतका के पिता सुरेश पासवान के अनुसार, जब परिवार खेत से लौटकर घर पहुंचा, तो सोनी कुमारी को कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता पाया। बताया जा रहा है कि सोनी दो से तीन बार मैट्रिक परीक्षा में असफल हो चुकी थी, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहती थी। परिजनों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हताशा में रहती थी।
पुलिस को बिना सूचना दिए परिवार शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पटना के बख्तियारपुर घाट ले जा रहा था। इसी दौरान डायल 112 की टीम वहां पहुंची। पुलिस को देखकर परिजन शव को झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने झाड़ी से किया शव बरामद
चंडी थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर शव शिवाना नदी किनारे झाड़ी से बरामद किया गया। मृतका के गले पर फंदे के निशान मिले हैं, जो आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है।
हत्या या आत्महत्या—जांच में जुटी पुलिस
हालांकि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों की तलाश जारी है, जो पुलिस के पहुंचते ही फरार हो गए थे।
रिपोर्टर: मो. महमूद आलम, नालंदा