खुशियों के बीच बुझ गई जिंदगी- महिला सिपाही की संदिग्ध मौत, गर्भवती होने के बीच हत्या का आरोप, पति हिरासत में

 
Bihar Crime News: सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव में एक महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान पटना जिला बल में तैनात संकेशी कुमारी के रूप में हुई है। घटना को लेकर जहां पुलिस जांच में जुटी है, वहीं परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या करार दिया है।

परिजनों के मुताबिक, संकेशी कुमारी ने 7 मार्च 2025 को प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद ससुराल में रह रही थीं। 21 अप्रैल को वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थीं, जहां घर में खुशी का माहौल था। लेकिन शादी के अगले ही दिन सुबह करीब 7 बजे उनका पति सुजीत कुमार गाली-गलौज करते हुए उन्हें वापस ससुराल ले गया। शाम होते-होते उनकी मौत की खबर आ गई।

सूचना मिलते ही जब परिजन ससुराल पहुंचे तो उन्होंने संकेशी का शव जमीन पर पड़ा पाया। परिजनों का आरोप है कि उसके गले पर दबाव के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा है।

परिवार ने यह भी बताया कि संकेशी कुमारी चार महीने की गर्भवती थीं और अपने आने वाले बच्चे को लेकर कई सपने संजोए हुए थीं। ऐसे में उनकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सुजीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बेतिया जीएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।