जहानाबाद में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति पर हत्या का आरोप; परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

 
Jahanabad Crime News: जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रूपा देवी के रूप में हुई है, जो श्रवण कुमार की पत्नी थीं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है।

मार्च में हुआ था प्रेम विवाह, बाद में शुरू हुई प्रताड़ना का आरोप

जानकारी के अनुसार रूपा देवी और श्रवण कुमार ने इसी वर्ष मार्च महीने में प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग शुरू कर दी गई। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि मांग पूरी करने के लिए उन्होंने अपनी तीन कट्ठा जमीन तक बेच दी, इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।

सुबह फोन कर दी गई मौत की सूचना

मृतका के परिजनों के अनुसार मंगलवार की सुबह श्रवण कुमार ने फोन कर बताया कि रूपा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है। लेकिन जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो रूपा देवी को मृत अवस्था में पाया गया।

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मृतका के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान थे, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका गहरा गई है। वहीं, आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही पति श्रवण कुमार मौके से फरार हो गया।

अस्पताल का बयान: मौत पहले ही हो चुकी थी

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महिला को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के गले पर सुसाइडल टाइप का निशान पाया गया है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।