भागलपुर-LTT एक्सप्रेस में शराब तस्करों का आतंक, उत्पाद टीम पर हमला कर चेन पुलिंग से फरार हुए आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार 27 मई को भागलपुर-एलटीटी एक्सप्रेस बक्सर स्टेशन से दानापुर की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम ट्रेन में शराब तस्करों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चला रही थी। जांच के दौरान टीम ने महिला तस्कर जहाना खातून उर्फ खुशबू को पकड़ लिया। महिला की गिरफ्तारी के बाद उसके साथ मौजूद अन्य तस्कर अचानक उग्र हो गए और उत्पाद विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने लगे।
देखते ही देखते ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच तस्करों ने ट्रेन की अलार्म चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन कुशलपुर हॉल्ट के पास रुक गई। ट्रेन रुकते ही महिला समेत कई तस्कर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय ने तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी विश्लेषण, डंप डेटा और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली निवासी जहाना खातून उर्फ खुशबू, जहानाबाद निवासी अंकित कुमार, सारण निवासी वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू और नालंदा निवासी रंजन शर्मा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और 3.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि वीरेंद्र कुमार राय और रंजन शर्मा के खिलाफ पहले से उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंतरजिला शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अब गिरोह की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।