शराबी दूल्हे पर दुल्हन का ‘ना’- मंडप से पहले टूटी शादी, बैरंग लौटी बारात

 
Jahanabad News: बिहार के जहानाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दुल्हन ने नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। यह घटना ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा मठ गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के मुताबिक, नागेंद्र राम की बेटी नेहा कुमारी की शादी पटना के पुनाईचक निवासी रंजन कुमार से तय हुई थी। 21 तारीख को तिलक समारोह संपन्न हो चुका था और 26 तारीख को बारात पूरे धूमधाम से गांव पहुंची।

बारात के स्वागत के बाद जब दूल्हे को द्वार पूजा के लिए लाया गया, तो वह लड़खड़ाने लगा। दूल्हे की हालत देखकर लड़की पक्ष को शक हुआ कि वह नशे में है। जैसे ही यह बात दुल्हन तक पहुंची, उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया।

दुल्हन के इस फैसले से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख बाराती मौके से खिसकने लगे, वहीं गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया और शादी में दिए गए पैसे और सामान लौटाने की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को छुड़ाकर थाने ले गई। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश जारी है। हालांकि दूल्हे ने सफाई देते हुए कहा कि उसने शराब नहीं पी थी, बल्कि किसी वजह से वह लड़खड़ा गया था।

इस घटना के बाद जहां एक ओर इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है, वहीं दुल्हन के इस साहसिक फैसले की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।