तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में लाखों की चोरी! करीबी सहयोगी पर लगाया गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News: बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। इस मामले में तेजप्रताप यादव ने अपने ही निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना के 42 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से बड़ी मात्रा में नकदी, सोने के आभूषण और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब होने की शिकायत की गई है। तेजप्रताप यादव का आरोप है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने इस घटना को अंजाम दिया है।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, आवास में रखी आलमारी से पार्टी फंड के लिए सुरक्षित रखे गए करीब 20 लाख रुपये नकद गायब पाए गए। इसके अलावा दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी होने की बात कही गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आवास में लगे सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनके आवास से नकदी और कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया था। उस समय भी उन्होंने अपने एक घरेलू सहयोगी पर चोरी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
एक बार फिर सरकारी आवास में हुई इस हाई-प्रोफाइल चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था और करीबी सहयोगियों की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर टिकी हुई है, जबकि पुलिस हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।