शादी से लौट रहे थे, मौत ने रास्ता रोक लिया- NH-727 पर भीषण हादसा, बाइक पोल से टकराई, दो की मौके पर मौत
लौरिया थाना क्षेत्र के एनएच-727 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, लौरिया प्रखंड के लाकड़ सिसई गांव निवासी तीनों युवक एक शादी से लौट रहे थे। रात करीब दो बजे मठिया मंगूराहा चौक के पास उनकी बाइक सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण फिसल गई और सीधे पोल से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क निर्माण में लापरवाही और गिट्टी बिखरी होने से यह हादसा हुआ।
इस हादसे में योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा (खलवा टोला) निवासी कुंदन कुमार (26) और प्रिंस कुमार (13) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। कुंदन की शादी इसी साल मार्च में हुई थी, जबकि प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे में घायल विवेक मांझी (16) को ग्रामीणों की मदद से लौरिया सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।