गया में चोरों का आतंक: एक ही घर पर तीसरी बार धावा, ट्रक के बाद अब दो गाय ले उड़े बदमाश
ताजा मामला मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के नैली इलाके का है, जहां सुनील कुमार यादव के घर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। घर का ताला तोड़कर बदमाश दो लाल रंग की गाय लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। मौके पर पिकअप वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं, जिससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। चोरी गई गायों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित सुनील कुमार यादव के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 2023 में चोर उनके ट्रक की बैटरी चुरा चुके हैं, जबकि 2024 में घर के पास खड़ी 22 चक्का ट्रक भी गायब कर दी गई थी, जो आज तक बरामद नहीं हो सकी है।
लगातार तीसरी बार हुई चोरी से इलाके के लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बढ़ जाएंगे। वहीं, पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि इस बार पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है या फिर यह केस भी पिछले मामलों की तरह अधूरा रह जाता है।