दरभंगा में जाम बना चोरों का मौका, चलती पिकअप से टेलीकॉम उपकरण उड़ाए; एक आरोपी गिरफ्तार

 

Darbhanga news: शहर में जाम जहां लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है, वहीं लहेरियासराय थाना क्षेत्र में इसी जाम का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। वीआईपी रोड पर आस्था हॉस्पिटल के पास कुछ युवकों ने धीमी रफ्तार से चल रही पिकअप वैन को निशाना बनाया और उसमें लदे एयरटेल कंपनी के वाई-फाई और अन्य टेलीकॉम उपकरण लेकर भागने की कोशिश की।

हालांकि चालक और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक संदिग्ध आरोपी को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया गया। उसके पास से चाकू और संदिग्ध नशीला पदार्थ भी बरामद होने की बात सामने आई है।

जाम में धीमी हुई गाड़ी तो पीछे से चढ़े युवक

पिकअप चालक रामबहादुर कुमार के मुताबिक, वीआईपी रोड पर जाम के कारण वाहन की रफ्तार धीमी हुई थी। इसी दौरान कुछ युवक पीछे से पिकअप पर चढ़ गए और उसमें रखे कार्टन नीचे फेंकने लगे।

चालक को जब इसकी भनक लगी तो उसने तत्काल वाहन रोक दिया। लेकिन तब तक आरोपी एक तार का बंडल और वाई-फाई उपकरण से भरे दो कार्टन लेकर निकल चुके थे।

पीछा कर एक आरोपी को दबोचा

घटना की जानकारी मिलते ही चालक, स्थानीय लोगों और डिलीवरी टीम के सदस्यों ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया। उसके पास से चोरी का सामान मिलने की बात कही जा रही है।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू और संदिग्ध नशीला पदार्थ भी बरामद किया गया।

साथी मौके से फरार

बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी के अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को लहेरियासराय थाना ले गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी किए गए बाकी सामान का क्या हुआ।