गया में दर्दनाक सड़क हादसा: सिविल कोर्ट परीक्षा देने जा रहे दो युवकों को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर ही मौत
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक बिहार सिविल कोर्ट में प्यून पद के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा देने गया पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह ट्रेन से गया जंक्शन रेलवे स्टेशन उतरे और वहां से अपने परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाटा मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को रौंदते हुए फरार हो गया।
मौके पर ही चली गई जान
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रैक्टर की तेज रफ्तार पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में बालू लदे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी चालक की तलाश में पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।