कटिहार में नाला खुदाई पर बवाल: किसानों ने रोकी नगर निगम की टीम, फसल बर्बादी की आशंका पर दो घंटे तक हंगामा

जलनिकासी योजना का ग्रामीणों ने किया विरोध, खेतों में गंदा पानी छोड़ने का लगाया आरोप
 
Bihar News: शहर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की नगर निगम की कोशिश उस वक्त विवाद में घिर गई, जब बेगना तियारपाड़ा में नाला खुदाई के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से नाराज ग्रामीणों ने नगर निगम की टीम और जेसीबी मशीन को रोक दिया, जिससे करीब दो घंटे तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम प्रशासन शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बेगना तियारपाड़ा क्षेत्र से होकर नाला निर्माण कराने की योजना पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता और अन्य अधिकारी खुदाई कार्य शुरू कराने पहुंचे थे।

‘खेतों में छोड़ा जाएगा शहर का गंदा पानी’

जैसे ही खुदाई शुरू हुई, बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काम रुकवा दिया। किसानों का आरोप था कि नाला निर्माण के बाद शहर का गंदा पानी सीधे उनके खेतों में छोड़ा जाएगा, जिससे मक्का, धान और मखाना जैसी फसलें बर्बाद हो जाएंगी।

ग्रामीणों का कहना था कि यह इलाका खेती पर निर्भर है और यहां सैकड़ों परिवारों की आजीविका कृषि से जुड़ी हुई है। ऐसे में बिना उचित व्यवस्था के पानी छोड़ना किसानों के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।

मुआवजे और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

स्थानीय किसानों ने मांग की कि यदि नगर निगम जलनिकासी का कार्य करना चाहता है तो पहले पंपसेट और अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि खेतों और फसलों को नुकसान न पहुंचे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जबरन पानी छोड़ा गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

किसानों ने यह भी कहा कि यदि फसल को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

दो घंटे बाद निकला समाधान

लगातार विरोध और हंगामे के बाद नगर निगम प्रशासन ने किसानों से बातचीत की। इसके बाद कुछ दूरी पर खुदाई कर पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।

नगर निगम ने दिया आश्वासन

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य किसी किसान को नुकसान पहुंचाना नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों की चिंताओं को देखते हुए पंपसेट लगाने सहित अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही शहर में जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नाला निर्माण को जरूरी बताते हुए कहा कि सभी पक्षों के हितों का ध्यान रखकर कार्य किया जाएगा।