Vaishali News: पति ने जमीन बेचकर पत्नी को बनाया शिक्षिका, नौकरी लगते ही कॉलेज वाले बॉयफ्रेंड संग रहने लगी मैडम!
पीड़ित पति की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। अमन का कहना है कि वर्ष 2013 में उनकी शादी हाजीपुर के लोदीपुर निवासी गुंजन कुमारी से हुई थी। शादी के बाद एक बेटा भी हुआ, जिसकी उम्र अब करीब 10 साल है।
अमन का आरोप है कि शादी के बाद पत्नी ने पढ़ाई जारी रखने और शिक्षिका बनने की इच्छा जताई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने मेहनत मजदूरी कर पत्नी की पढ़ाई जारी रखवाई। यहां तक कि साल 2022 में पैतृक संपत्ति की डेढ़ कट्ठा जमीन बेचकर पत्नी की पढ़ाई और बीएड का खर्च उठाया।
BPSC में नौकरी मिलने के बाद बदला व्यवहार
पति के अनुसार, BPSC TRE-2 में चयन होने के बाद गुंजन कुमारी को शिक्षिका की नौकरी मिली और ट्रेनिंग के दौरान उसकी नजदीकियां अपने पुराने कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश से बढ़ गईं। अमन का आरोप है कि दोनों चोरी-छिपे मिलते थे और बाद में पत्नी ने उसके साथ रहने से ही इंकार कर दिया।
उन्होंने दावा किया कि पत्नी पिछले एक साल से अलग रह रही है और उस पर झूठे आरोप लगाकर केस भी दर्ज करवाया है।
‘आपत्तिजनक हालत में पकड़ा’
अमन कुमार ने बताया कि 23 मई को उन्हें सूचना मिली कि उनकी पत्नी हाजीपुर के लिच्छवी नगर स्थित किराए के मकान में अपने कथित प्रेमी के साथ रह रही है। जब वह वहां पहुंचे तो दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इसके बाद उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
हालांकि, उनके अनुसार पुलिस देर से पहुंची और स्थानीय लोगों व मकान मालिक ने दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाल दिया। अमन ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
बेटे ने भी मां पर लगाए आरोप
मामले में सबसे भावुक पहलू तब सामने आया जब दंपति के 10 वर्षीय बेटे ने भी मां पर गंभीर आरोप लगाए। बच्चे ने कहा कि उसकी मां उसे कथित प्रेमी को “मामा” कहने के लिए कहती थी और विरोध करने पर मारपीट भी करती थी। बच्चे ने यह भी कहा कि वह अब अपनी मां के साथ नहीं रहना चाहता।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पति द्वारा लगाए गए आरोपों और परिवार में चल रहे विवाद ने लोगों को हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं दोनों पक्षों के बीच विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है।