नोबेल पुरस्कार 2024 : भौतिकी के लिये AI के गॉडफादर जेफ्री हिंटन और वैज्ञानिक जॉन हॉपफील्ड का चयन

 

इस वर्ष 2024 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें मशीन लर्निंग को सशक्त बनाने वाली उनके महत्वपूर्ण शोध के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस पुरस्कार की घोषणा रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंस ने आज की है।

इससे पहले, सोमवार को, दो अमेरिकी वैज्ञानिकों को माइक्रो आरएनए की खोज के लिए चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा बुधवार को की जाएगी, जबकि साहित्य के पुरस्कार विजेताओं की घोषणा बृहस्पतिवार को होगी। शांति के लिए नोबेल पुरस्कार का ऐलान शुक्रवार को किया जाएगा, और अर्थशास्त्र के पुरस्कार की घोषणा 14 अक्टूबर को की जाएगी।

नोबेल पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख अमेरिकी डॉलर की नकद राशि दी जाती है, जो पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की संपत्ति से दी जाती है। अल्फ्रेड नोबेल का 1896 में निधन हो गया था। सभी पुरस्कार विजेताओं को अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि, 10 दिसंबर, को सम्मानित किया जाएगा।