15 साल पुराना पानी विवाद फिर उभरा: धनबाद में पानी भरने से रोके जाने पर आक्रोश, ग्रामीणों ने थाने में लगाई गुहार
Dhanbad: पूर्वी टुंडी प्रखंड के रूपन पंचायत स्थित लाहबेड़ा गांव में वर्षों पुराना विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है. हालात ऐसे हो गए हैं कि एक गुट द्वारा दूसरे गुट को पानी लेने से रोक दिया गया है, जिससे गर्मी के बीच नीचे टोला के लोगों के सामने जल संकट खड़ा हो गया है.
15 सालों से चला आ रहा है विवाद
लाहबेड़ा गांव में पिछले करीब 15 सालों से दो गुटों के बीच विवाद चला आ रहा है. दोनों पक्ष अक्सर आमने-सामने होते रहे हैं, लेकिन इस बार मामला बुनियादी जरूरत पानी तक पहुंच गया है. गांव के नीचे टोला के लोगों का आरोप है कि ऊपर टोला के लोगों ने उन्हें तालाब, चापाकल और कुंआ से पानी लेने से रोक दिया है. भीषण गर्मी में पानी पर इस तरह की रोक ने उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है. जिसके बाद नीचे टोला के लोग पूर्वी टुंडी थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर पानी उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है.
ग्रामीणों के मुताबिक, यह झगड़ा आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर 15 साल पुराने झगड़े से शुरू हुआ है. हाल ही में गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें नीचे टोला के लोग शामिल नहीं हुए. आरोप है कि इसी वजह से उन्हें पानी लेने से वंचित कर दिया गया.
लोगों ने यह भी बताया कि जिन जलस्रोतों से पानी लेने पर रोक लगाई गई है, वे मनरेगा योजना के तहत बनाए गए हैं और गांव के लिए सरकारी चापाकल भी मौजूद हैं. इसके बावजूद एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष को पानी से वंचित करना गंभीर चिंता का विषय है.
वहीं, पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नीचे टोला के लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में गांव में बैठक कर विवाद सुलझाने की कोशिश की जाएगी.