रांची में पागल कुत्ते के आतंक से स्कूली बच्चों समेत 17 लोग हुए घायल, दहशत में ग्रामीण
Jharkhand Desk: रांची के तमाड़ से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बीते गुरुवार को एक पागल कुत्ते ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा कर रख दी है. यहां एक कुत्ता अचानक बेकाबू हो गया और तमाड़ से रायडीह, आमलेशा होते हुए करीब 10 किलोमीटर दूर तक के रस्ते में 17 लोगों को काट लिया. घायलों में अधिकतर स्कूली बच्चे शामिल हैं. जो छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे.
पीड़ितों में सबसे ज्यादा स्कूली बच्चे शामिल हैं, जो छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे. ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता लोगों को देखते ही उन पर टूट पड़ता है और काटकर आगे बढ़ जाता है. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल है. लोग अब सड़क पर निकलने से डर रहे हैं और किसी भी कुत्ते को देखकर सहम जा रहे हैं. घटना में घायल लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमाड़ पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन देकर इलाज किया गया.
घायल होने वालों का विवरण
- सरजमडीह निवासी बलराम साहू का 13 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार गुप्ता
- नरेश सेठ (आयु 48 वर्ष)
- अंजना देवी (50)
- प्रवीण सिंह (13)
- रोहित पुरान (11)
- ब्रजेश प्रमाणिक (30)
- अनिल कुमार (14)
- रायडीह का 8 वर्षीय राहुल कुमार
- अमर सिंह (16)
- सूरज मुंडा समेत कई अन्य
ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चे स्कूल जाने से कतराने लगे हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. वहीं, वन विभाग के अधिकारी अब तक चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है.
पागल कुत्ते के कारण इलाके में दहशत
गुरुवार रात तक कुत्ता पकड़ में नहीं आ सका था. ग्रामीणों की दहशत अब भी बरकरार है. ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब इलाके में किसी एक कुत्ते की वजह से इतनी दहशत फैली है.
घायलों को दिया गया एंटी रैबीज इंजेक्शन
दरअसल यह कुत्ता अचानक लोगों पर हमला बोल रहा है. इसकी वजह से कई लोग बाइक और साइकिल से गिरने की वजह से घायल हो चुके हैं. अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि कई घायलों को एंटी रैबीज इंजेक्शन देने के साथ-साथ घाव की ड्रेसिंग भी की गई है.