44°C तापमान और 50 KM/घंटा की रफ्तार से हवाएं, झारखंड में मौसम का कहर..रांची में बारिश तो पलामू में भीषण लू से हालात बिगड़े

Ranchi: मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और लू लगने का खतरा लगातार बढ़ रहा है.
 

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ भीषण गर्मी, तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल रही हैं. राजधानी रांची में जहां बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं, वहीं पलामू में सूरज आग उगलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे राज्य के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.

44 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और लू लगने का खतरा लगातार बढ़ रहा है.

50 किमी प्रतिघंटा तक चलेंगी हवाएं

राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन हवाओं के साथ कहीं-कहीं धूल भरी आंधी भी चल सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। खासकर कच्चे मकानों, होर्डिंग्स और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.

झारखंड के इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

आज पलामू प्रमंडल के जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रहने की संभावना है. जहां डालटनगंज (पलामू) राज्य का सबसे गर्म इलाका रह सकता है. यहां का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी भीषण गर्म हवाएं चलने की आशंका है. रांची मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है. वहीं, दोपहर के समय लू चल सकती है और बाहर निकलने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

झारखंड के इन जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

रांची मौसम विभाग के अनुसार आज रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और रामगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन जिलों में बादल गरजने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी हुई है. जहां बारिश की वजह से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. इसके अलावा धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और बोकारो जिलों में तेज आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है. इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगह पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है. रांची मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है.

झारखंड में यहां भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट

आज झारखंड में सबसे गर्म जिला पलामू, गढ़वा और चतरा हैं. इन जिलों का अधिकतम तापमान 41-43°C तक रह सकता है. इसके अलावा यहां हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, सबसे कम रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़ और सिमडेगा का रहने वाला है. यहां का अधिकतम तापमान 37-39°C और न्यूनतम 24-26°C के आसपास रहने वाला है. इसके अलावा गढ़वा, पलामू और चतरा लू चलने की संभावना है.

जानें बीते दिन कहां थी सबसे ज्यादा गर्मी

बीते दिन झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला. जहां राजधानी रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं, कुछ जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. वहीं, पलामू जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा है. यहां डाल्टनगंज का तापमान 44 डिग्री तक दर्ज किया गया . जो कि झारखंड में सबसे अधिक तापमान माना गया.