झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में दिखा छात्रों का उत्साह, 5,464 अभ्यर्थी हुए शामिल, 446 ने छोड़ी परीक्षा
Bokaro: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) की ओर से आयोजित पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को बोकारो जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. परीक्षा के लिए कुल 5,910 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,464 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 446 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की थी. जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
सभी केंद्रों पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था व परीक्षा संचालन की लगातार निगरानी की गयी. डीइओ प्रवीण रंजन कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया. प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया. केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सुरक्षा व्यवस्था व जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गयी थी. इससे परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष व कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकी.