बारबाडोस में होगा 68वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन, झारखंड के प्रतिनिधि होंगे शामिल
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) का 68वां वार्षिक सम्मेलन इस वर्ष 6 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच बारबाडोस में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में सीपीए झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति की अहम बैठक संपन्न हुई।
गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की झारखंड इकाई में वर्तमान में 137 सदस्य हैं। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो इस शाखा के सभापति हैं, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपसभापति के रूप में नामित हैं। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड से प्रतिनिधिमंडल स्पीकर की अगुवाई में भाग लेता है।
जेएमएम विधायक अनंत प्रताप देव, जो समिति के सदस्य भी हैं, ने जानकारी दी कि इस बार के सम्मेलन के लिए झारखंड से कौन-कौन डेलीगेट्स भाग लेंगे, यह जल्द ही स्पीकर द्वारा घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामों को लेकर चर्चा चल रही है, और जल्द ही औपचारिक रूप से सूची जारी की जाएगी।
बारबाडोस: कैरेबियन सागर का प्रमुख द्वीप देश
यह सम्मेलन बारबाडोस में आयोजित हो रहा है, जो कैरेबियन सागर में स्थित एक सुंदर द्वीप राष्ट्र है। यह वेस्टइंडीज के लेसर एंटिल्स द्वीप समूह का हिस्सा है और अपने भूगोल व सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बैठक में नहीं हुए शामिल
बैठक में स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो के साथ विधायक नीरा यादव, अनंत प्रताप देव, दशरथ गगरई, नवीन जायसवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। हालांकि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी इस बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।
कार्यकारिणी समिति में आठ सदस्य
इस समिति में कुल आठ सदस्य शामिल हैं— स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, और पांच विधायक: नीरा यादव, अनंत प्रताप देव, दशरथ गागरई, नवीन जायसवाल व ममता देवी। ज्ञात हो कि 67वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन 3 से 8 नवंबर 2024 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स की संसद और सीपीए न्यू साउथ वेल्स शाखा के तत्वावधान में आयोजित किया गया था।