एक मां का सबसे बड़ा दर्द…आखिरी सफर पर तृषा… बेटी को विदा करते वक्त टूट गया परिवार...

Ranchi:  जमशेदपुर के मरीन ड्राइव हाईवे हादसे में जान गंवाने वाली ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को रांची लाया गया. स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई नेताओं और अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी.
 

Ranchi: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव हाईवे पर सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को जमशेदपुर से रांची लाया गया। पार्थिव शरीर को राजधानी के स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास संख्या-09 में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।

तृषा सिंह के निधन की खबर के बाद मंत्री आवास पर बड़ी संख्या में राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समर्थकों का पहुंचना जारी रहा। माहौल गमगीन रहा और लोगों ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मंत्री आवास पहुंचीं और दिवंगत को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने शोकाकुल मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई गणमान्य लोगों ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

शाम छह बजे निकली अंतिम यात्रा

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के सरकारी आवास से तृषा सिंह की अंतिम यात्रा बुधवार शाम करीब 6 बजे धुर्वा डैम स्थित सीठियो श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए।

मंत्री आवास से लेकर अंतिम यात्रा तक बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तृषा सिंह के निधन से परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल बना रहा।

मंत्री आवास पर जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

तृषा सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्री आवास पर कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इनमें वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक नमन विकास कोंगारी, उज्ज्वल तिवारी और राकेश सिन्हा सहित कई लोग शामिल रहे।

जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सूचना आयुक्त तनुज खत्री, जगदीश साहू, अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भी दिवंगत को श्रद्धांजलि दी।

आला अधिकारियों ने भी पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

तृषा सिंह के निधन पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी मंत्री आवास पहुंचे। मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, वंदना दादेल, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और सीनियर एसपी राकेश रंजन समेत कई आला अधिकारियों ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दुख की घड़ी में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।