महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर रांची में निकली स्कूटी रैली, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया ऐतिहासिक कदम..
Ranchi: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महिलाओं में उत्साह चरम पर है. कल यानी 16 अप्रैल से इस अधिनियम को लेकर संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है. इससे पहले इस अधिनियम को लेकर राज्य भर की महिलाओं द्वारा समर्थन और स्वागत किया जा रहा है. आज बुधवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर रांची में इसके समर्थन में जेल मोड़ से अलबर्ट एक्का चौक तक स्कूटी रैली निकाली गई.
इस दौरान महिलाओं के सम्मान, अधिकार और भागीदारी पर जोर दिया गया. इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संसद में कल से 3 दिनों तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा होगी. इसके बाद वर्ष 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33% आरक्षण मिलने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं. 33% आरक्षण मिलने से महिलाओं की भागीदारी पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक देखने को मिलेगी.
स्कूटी चलाकर महिलाओं ने किया स्वागत
राजधानी की सड़क पर स्कूटी चलाकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करने उतरी महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. स्कूटी रैली में शामिल महिलाएं इस दौरान पीएम मोदी जिंदाबाद के नारे लगा रही थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जता रही इन महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से मिलने वाले 33% आरक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में सबसे बड़ा कदम है.
इधर, राजधानी रांची की सड़कों पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं. भाजपा नेताओं के द्वारा प्रमुख चौक चौराहों पर पीएम मोदी की तस्वीर के साथ लग रहे इन होर्डिंग्स द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में केन्द्र सरकार के द्वारा उठाए जा रहे कदम के लिए आभार जताई जा रही है.