अचानक लगी आग ने सब कुछ किया तबाह, धनबाद के एक घर में लाखों की संपत्ति जलकर खाक...

Dhanbad: धनबाद में एक रिहायशी घर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
 

Dhanbad: जिले के कतरास थाना क्षेत्र में मंगलवार को अगलगी की बड़ी घटना हुई है. वार्ड संख्या 1 स्थित राजबाड़ी रोड के बाउरी टोला में रामजी गोप के घर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. अगलगी की इस घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया है. गृहस्वामी के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए. बाद में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों के अनुसार रास्ता संकीर्ण होने के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में देर हुई. हालांकि जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया था.

वहीं अब तक आग लगने के वजह का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है. हालांकि कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बता रहे हैं, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. वहीं जानकारी मिलने पर मौके पर विधायक शत्रुघ्न महतो और वार्ड पार्षद मधुबाला भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

वहीं इस संबंध में अग्निशमन विभाग के चालक रामेश्वर उरांव ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि तीन दमकल वाहनों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में उपले रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैलकर भयावह रूप ले लिया. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची.