दोस्तों के साथ जंगल में शिकार करने गया युवक खुद हुआ हादसे का शिकार, मौके पर हुई मौत
Latehar: जिले के जंगल क्षेत्र में शिकार के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की गोली लगने से मौत हो गई. युवक का नाम रामेश्वर उरांव बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ जंगल में जानवरों का शिकार करने गया था, इसी दौरान अचानक चली गोली उसकी जान ले बैठी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने साथियों के साथ देर रात जंगल की ओर गया था। शिकार के दौरान किसी ने जानवर पर निशाना साधा, लेकिन गोली युवक को लग गई. गंभीर रूप से घायल युवक को साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हालांकि, रामेश्वर उरांव को गोली मारी गई या फिर गलती से गोली लग गई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है.
दरअसल, लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलकलिया गांव निवासी रामेश्वर उरांव गांव के ही कुछ लोगों के साथ रविवार की रात जंगल में जानवरों का शिकार करने गए थे. इसी बीच देर रात एक व्यक्ति ने गांव के मुखिया संतु उरांव को फोन कर जानकारी दी कि रामेश्वर उरांव को गोली लग गई है.
सूचना मिलने के बाद मुखिया ने घटना की जानकारी रामेश्वर उरांव के परिजनों को दी. रात में जब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि रामेश्वर उरांव की मौत हो गई है. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
पुलिस कर रही है मामले की छानबीन
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन आरंभ कर दी. थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा.
जानवरों के शिकार करने के दौरान घटी घटना
इधर, मृतक युवक के चाचा नागदेव उरांव ने बताया कि देर रात गांव के दो अन्य लोगों के साथ रामेश्वर उरांव जंगल में शिकार करने गया था. इसी दौरान उसे गोली लगी. गोली लगने के बाद उसके साथ गए दो अन्य लोगों ने मुखिया को इसकी जानकारी दी. बाद में मुखिया ने घर के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी. जब सभी लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो उसके साथ गए दोनों युवक घटनास्थल से फरार थे.
वहीं मुखिया संतु उरांव ने बताया कि रात में ही एक युवक ने उन्हें फोन कर बताया कि गलती से रामेश्वर उरांव को गोली लग गई है. जब वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि रामेश्वर उरांव की मौत हो गई थी.