होली पर ‘अबुआ सरकार’ का तोहफा: मंईयां सम्मान राशि खातों में, सीएम हेमन्त सोरेन ने दी शुभकामनाएँ

 
Ranchi, Jharkhand News: रंगों के पर्व होली से पहले झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए घोषणा की कि ‘मंईयां सम्मान योजना’ की राशि पर्व से पूर्व ही लाभुक बहनों के खातों में भेजी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। यह त्योहार हर घर में खुशियों के नए रंग भरे और राज्य के लोगों के जीवन में समृद्धि लाए, यही कामना है।

महिलाओं के लिए सीधी आर्थिक मदद

सरकार का कहना है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत दी जा रही राशि का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक संबल देना है, ताकि त्योहार के मौके पर किसी तरह की परेशानी न हो। सीधे बैंक खातों में राशि ट्रांसफर कर पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित किया गया है।

‘अबुआ सरकार’ का संदेश

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार राज्य के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए होली को सौहार्द और एकता के साथ मनाने की अपील की।

होली के अवसर पर सरकार की इस पहल को सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।