मुहर्रम पर्व को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, आईजी अभियान ने 5850 होमगार्ड तैनाती का लिखा पत्र

Ranchi: राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है.
 

Ranchi: झारखंड में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. इसी कड़ी में राज्यभर में 5850 होमगार्ड जवानों को कॉल अप करने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में आईजी अभियान ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है अलग-अलग जिलों ने इनकी तैनाती की जाएगी. इसको लेकर आईजी अभियान ने पत्र लिखा है.

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी. मुहर्रम के जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड जवान पुलिस बल के साथ मिलकर ड्यूटी निभाएंगे.

25 जून से 28 जून तक के लिए किया गया कॉल अप

आईजी अभियान के पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस वर्ष मुहर्रम पर्व 26 और 27 जून को मनाया जाएगा. मुहर्रम पर्व के अवसर पर ताजिया और जुलूस निकाला जाता है. इस दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु काफी संख्या में बलों की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता पड़ती है. मुहर्रम पर्व के जुलूस के दौरान धार्मिक स्थलों पर अन्य धर्म के लोगों के द्वारा अनावश्यक स्लोगन अथवा प्रदर्शन, विवाद का कारण बन जाता है, जो बढ़कर सांप्रदायिक रूप ले लेता है, जिससे विधि-व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की प्रबल संभावना रहती है.

राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है.

झारखंड राज्य के रांची, हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह, बोकारो, कोडरमा, पलामू और लोहरदगा इत्यादि जिला सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील हैं. बलों की कमी और जिलों की संवेदनशीलता के मद्देनजर मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए गृहरक्षकों को दिनांक 25.06.2026 से दिनांक 28.06.2026 तक कुल-04 (चार) दिनों के लिए कॉल-अप किया जाना नितांत आवश्यक प्रतीत हो रहा है.

किस जिले में कितने होमगार्ड्स को किया गया कॉल अप

रांची-500, खूंटी-150, रामगढ़-150, लोहरदगा-50, गुमला-150, सिमडेगा-200, जमशेदपुर-500, चाईबासा-300, सरायकेला-100, धनबाद-300, बोकारो-300, पलामू-300, गढ़वा-200, लातेहार-250, हजारीबाग-350, चतरा-200, कोडरमा 200, गिरिडीह-490, दुमका-200, जामताड़ा-100, साहिबगंज-250, गोड्डा-150, पाकुड़-200, देवघर-250.