AICC सचिव अंबा प्रसाद ने NEET में धांधली के आरोपों पर केंद्र सरकार को घेरा, कार्रवाई की उठाई मांग
Ranchi: नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही पेपर लीक और अनियमितता पर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव अंबा प्रसाद ने सोमवार को कांग्रेस भवन में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए नीट परीक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे गंभीर सवालों को देश के लाखों छात्रों और अभिभावकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है.
विफलताओं का प्रतीक बन चुकी है राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी: अंबा प्रसाद
कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के तौर तरीकों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस संस्था को देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वही अब अव्यवस्था, गोपनीयता भंग और प्रशासनिक विफलताओं का प्रतीक बन चुकी है.
कब तक होगी परीक्षा केंद्रों में धांधली?
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने, परीक्षा केंद्रों में धांधली, रिजल्ट में गड़बड़ी और तकनीकी अव्यवस्था की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि NTA पूरी तरह से अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है. नीट जैसी परीक्षा, जिसमें देश के गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों के बच्चे वर्षों की मेहनत और सपनों के साथ शामिल होते हैं, उस परीक्षा की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है.
AICC सचिव अंबा प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि युवाओं का भविष्य लगातार असुरक्षित होता जा रहा है. लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं कोचिंग और पढ़ाई पर परिवार अपनी जीवनभर की कमाई खर्च कर देते हैं लेकिन अंत में यदि पेपर लीक माफिया और भ्रष्ट तंत्र परीक्षा को प्रभावित कर दें तो यह मेहनतकश छात्रों के साथ सीधा अन्याय है.
निष्पक्षता पर भरोसा खो चुकी है NTA: AICC सचिव
पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने समय रहते न तो कोई जवाबदेही तय की और न ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए. हर बार जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करती रही है. अब स्थिति ऐसी हो गई है कि देश के छात्र NTA की निष्पक्षता पर भरोसा खो चुके हैं.
तत्काल इस्तीफा दें केंद्रीय शिक्षा मंत्री
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है साथ ही कहा कि जब देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाएं बार-बार विवादों में आ रही हैं तो शिक्षा मंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर लगातार हो रही इन विफलताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा?
दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने मांग करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच कराई जाए. दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा NTA की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कर परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए. कांग्रेस सचिव ने आगे कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी देशभर के छात्रों की आवाज बनकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी.